Curated By:
editor1 |
Hindi Now Uttar Pradesh • 10 Jul 2025, 03:28 pm
पर्यावरण असंतुलन और बढ़ते प्रदूषण के बीच वृक्षारोपण एक वरदान की तरह सामने आया है। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने प्रयागराज के चंद्रशेखर आजाद पार्क में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में इस संदेश को दोहराया। यह कार्यक्रम 'एक पेड़ मां के नाम 2.0' वृहद वृक्षारोपण महाअभियान 2025 के अंतर्गत आयोजित किया गया। इसमें मंत्री नंदी मुख्य अतिथि तौर पर शामिल हुए और पेड़ लगाकर पर्यावरण संरक्षण के लिए एक मजबूत संदेश दिया।
मंत्री नंदी ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और नई चेतना का परिचायक बन चुका है। इस अभियान ने मां के स्नेह को प्रकृति से जोड़ते हुए लोगों को भावनात्मक रूप से इससे जोड़ा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से सामाजिक दायित्व निभाने का आवाहन किया, जिसका परिणाम स्वच्छता अभियान और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे आंदोलनों के रूप में सामने आया है। उसी प्रेरणा से 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान भी जनआंदोलन बन रहा है।
नंदी ने कहा कि जिस तरह मां हर परिस्थिति में संतान की रक्षा करती है। उसी तरह पेड़ भी जीवन के रक्षक हैं। वह हमें ऑक्सीजन, छाया और प्राकृतिक संरक्षण देते हैं। घर के बाहर लगाया गया एक पेड़ कई पीढ़ियों का साक्षी होता है और थके हुए व्यक्ति को शांति देता है। उन्होंने यह भी कहा कि आज जब हमें एयर प्यूरीफायर की आवश्यकता महसूस हो रही है, तब पेड़ ही ऐसे प्राकृतिक यंत्र हैं जो हवा को शुद्ध करते हैं। ऐसे में वृक्षारोपण एक सच्ची विरासत है, जिसे हमें अगली पीढ़ी के लिए सौंपना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति गंभीर प्रयास किए हैं। सरकार ने एक दिन में 37 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है, जो अब धरातल पर साकार होता दिख रहा है। यह एक ऐतिहासिक संकल्प है, जो राज्य के हर नागरिक को प्रेरित करता है। इस अवसर पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़, मुख्य वन संरक्षक मनोज सोनकर, डीएफओ अरविंद यादव, प्रभाकर त्रिपाठी, देवव्रत, अयज गिरि, अशोक जैन, योगेश अग्रवाल, रणविजय सिंह, सुरेंद्र गुप्ता, जगदीश प्रसाद, और जिला उद्यान अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- UP के 5 चमत्कारी शिव मंदिर, सावन में यहां दर्शन जरूर करें!