'दिल्ली से पीएम बटन दबाते हैं, बिहार के सीएम बोलने लगते हैं', मोदी पर बरसे राहुल

Curated By: editor1 | Hindi Now Uttar Pradesh • 30 Oct 2025, 03:19 pm
news-banner
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि यूपी- बिहार की सरकारें दिल्ली से चलती हैं। पीएम मोदी बटन दबाते हैं और सीएम नीतीश बोलने लगते हैं।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार (30 अक्टूबर) को बिहार के नालंदा के नूरसराय में एक सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बिहार का युवा आज भी सपनों से भरा है। कोई डॉक्टर बनना चाहता है, कोई इंजीनियर, लेकिन जब मेहनत और संघर्ष के बाद परीक्षा की घड़ी आती है तो पेपर लीक हो जाता है। यह सुनकर भी सिस्टम चुप रहता है और मेहनती, ईमानदार युवा ठगा सा रह जाता है। राहुल ने कहा कि बिहार के बच्चों का भविष्य बिक रहा है, और सरकार तमाशा देख रही है।


राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा हमला करते हुए कहा कि नीतीश कहते हैं उन्होंने 20 साल में बिहार बदल दिया, लेकिन सच्चाई यह है कि आज भी यहां शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों बदहाल हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के अस्पतालों में लोग इलाज के लिए नहीं, मरने के लिए जाते हैं। राहुल ने आरोप लगाया कि बिहार की बागडोर अब नीतीश के नहीं, बल्कि मोदी और अमित शाह के हाथों में है। उन्होंने कहा कि नीतीश अब खुद नहीं चलते, उन्हें दिल्ली से रिमोट से चलाया जा रहा है।


बिहार पेपरलीक-भ्रष्टाचार के लिए फेमस

युवाओं को संबोधित करते हुए राहुल बोले कि मैं देश के हर हिस्से में जाता हूं। मुंबई, बेंगलुरु, दिल्ली, दुबई हर जगह मुझे बिहार के लोग मिलते हैं। आप वहां मेहनत कर शहर बनाते हैं, तो क्या अपने बिहार को नहीं बना सकते?” उन्होंने कहा कि एक समय नालंदा विश्व की शिक्षा का केंद्र था, जहां जापान, कोरिया और इंग्लैंड से लोग पढ़ने आते थे। लेकिन आज वही बिहार पेपर लीक और भ्रष्टाचार के लिए जाना जाता है। जिनकी सेटिंग है, उन्हें नौकरी और पेपर मिल जाते हैं, बाकी युवाओं के हाथ निराशा लगती है।


छठ पर्व पर पीएम मोदी ने की नौटंकी

छठ पर्व पर प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जी छठ पूजा का नाटक कर रहे हैं। वो यमुना नदी में नहीं, स्विमिंग पूल में नहाने गए थे। राहुल ने आरोप लगाया कि मोदी की आस्था नहीं, राजनीति बोलती है। वोट पाने के लिए वो मंच पर नाच भी सकते हैं, लेकिन जनता के दर्द को नहीं सुनते। सभा के अंत में राहुल गांधी ने जनता से अपील की है कि अब वक्त है बिहार के युवाओं को उनका हक दिलाने का। हमें एक ऐसा बिहार बनाना है जहां नालंदा फिर से ज्ञान का प्रतीक बने, न कि पेपर लीक और भ्रष्टाचार का।


यह भी पढ़ें- 'दो हिंदुस्तान बना रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी'

advertisement image