Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 28 Dec 2025, 02:39 pm
हाथरस सादाबाद के ऊंचागांव में खनन स्थल पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मिट्टी उठाकर ले जा रहीं महिलाओं के पीछे जेसीबी चालक ने मशीन दौड़ा दी। जेसीबी की चपेट में आने से एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि कई अन्य महिलाएं भी जख्मी हो गईं। आरोप है कि चालक ने जानबूझकर किशोरी को कुचलने का प्रयास किया। घटना के बाद गांव में भारी भीड़ जुट गई और आक्रोश का माहौल बन गया। घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
महिलाओं के पीछे दौड़ाई गई जेसीबी, मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार ऊंचागांव में प्रशासनिक अनुमति के तहत मिट्टी का खनन किया जा रहा था। इसी दौरान गांव की कुछ महिलाएं खनन स्थल से मिट्टी उठाकर ले जा रही थीं। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर जेसीबी चालक ने मशीन महिलाओं की ओर दौड़ा दी। जेसीबी का पंजा नजदीक आते ही महिलाएं घबरा गईं और इधर-उधर भागने लगीं। इसी दौरान खुशबू नाम की किशोरी जेसीबी की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं भूरी, मुन्नी और एक छोटी बच्ची सहित कई अन्य महिलाओं को भी चोटें आईं। अचानक हुई इस घटना से मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते महिलाएं वहां से नहीं हटतीं, तो बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने किसी तरह घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। घटना के बाद चालक जेसीबी लेकर मौके से फरार हो गया।
ग्रामीणों का अवैध खनन का आरोप, पुलिस ने जब्त की ट्रॉलियां
घटना से नाराज ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कब्जे में ले लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि अनुमति से कहीं अधिक अवैध रूप से खनन किया जा रहा था, जिसका विरोध करने पर महिलाओं के साथ यह घटना हुई। पुलिस ने घायलों का हालचाल जाना और मामले की जानकारी ली।
एसडीएम मनीष चौधरी ने बताया कि पूरे मामले की जांच के लिए टीम भेजी गई है। जांच में यदि खनन अवैध पाया जाता है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़ें- चाबी लेकर कार में बैठा 5 साल का बच्चा, हो गया बड़ा कांड, पूरा मामला जान हैरत में पड़ जाएंगे आप