Curated By:
editor1 |
Hindi Now Uttar Pradesh • 29 Jul 2025, 03:39 pm
उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी में सोमवार को बड़ा तनाव फैल गया। यहां बोल बम बोलने पर दो कांवड़ियों की पिटाई कर दी गई। हमलावरों ने न सिर्फ कांवरियों को पीटा, बल्कि उनके कपड़े भी फाड़ दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अन्य कांवड़ियों और ग्रामीणों ने सड़कों पर उतरकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की और जंसा-राजातालाब मार्ग को जाम कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। शाम 5 बजे पीड़ित कांवरियों की तहरीर पर जंसा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घटना राजातालाब क्षेत्र के पंचक्रोशी मार्ग की है। सावन के तीसरे सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण कांवर यात्रा के लिए अदलपुरा शीतला धाम से निकले थे। बैढ़न गांव के पलटू यादव और जंसा निवासी शुभम यादव भी उनमें शामिल थे। पीड़ितों का आरोप है कि राजातालाब रेलवे फाटक के पास 10-12 नकाबपोश युवकों ने उन्हें रोका और बोल बम बोलने से मना किया। विरोध करने पर उन्होंने गालियां दीं और डंडे, लाठी व धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में शुभम के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि पलटू को भी चोटें लगीं।
बताया गया कि हमलावर दोनों को एक घर में खींच ले गए और फिर से पिटाई की। किसी तरह जान बचाकर भागे दोनों कांवरियों ने बाकी साथियों को घटना की जानकारी दी। घटना के वीडियो वायरल होते ही कांवरियों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने चक्काजाम कर विरोध शुरू कर दिया। यह विरोध देर शाम तक चलता रहा। घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष राजेश पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर बात की। इस दौरान उनकी पुलिस अधिकारियों से धक्का-मुक्की हो गई। इसके बाद पुलिस ने उन्हें और उनके समर्थकों को हिरासत में लिया, हालांकि तीन घंटे बाद छोड़ दिया गया। राजेश पांडेय ने कहा कि वह सिर्फ पीड़ितों की मदद के लिए पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
यह भी पढ़ें- स्वामी प्रसाद मौर्य के बिगड़े बोल! अब कांवड़ियों के लिए बोल दी ऐसी बात, हंगामा तय?