Curated By:
editor1 |
Hindi Now Uttar Pradesh • 12 Jul 2025, 12:50 pm
मेरठ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नाबालिग कपल ने प्रेम की खातिर अपनी जान दे दी। उन्होंने फोन पर लाइव आकर जहर खाकर आत्महत्या की है। 15 वर्षीय लड़की नौवीं कक्षा की छात्रा थी और 17 वर्षीय शादाब से प्रेम करती थी। दोनों एक ही समुदाय से थे, लेकिन उनकी बिरादरी अलग-अलग थी। परिवार ने उनकी शादी से इनकार कर दिया था। इस बात से दोनों आहत थे और 10 जुलाई गुरुवार को एक-दूसरे से फोन पर बात करते हुए आत्महत्या करने का फैसला लिया। उन्होंने साथ जीने की इजाजत न मिलने पर साथ मरने की कसम खाई। फोन पर ही दोनों ने जहर खाया और कुछ ही घंटों के अंतर में दोनों की मौत हो गई।
शुक्रवार सुबह दोनों के शव उनके घरों के कमरों में पाए गए। घटना के बाद उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। लड़की की मौत रात करीब 2 बजे हुई, जबकि शादाब ने सुबह 8 बजे दम तोड़ा। दोनों के जनाजे शाम को उठे। मोहल्ले में इस घटना से शोक की लहर फैल गई। उनकी प्रेम कहानी किसी से छिपी नहीं थी। लगभग सभी लोग इसके बारे में जानते थे। इसको लेकर अंतिम संस्कार में लोगों की आंखें नम थीं।
डेढ़ साल से चल रहा था प्रेम-प्रसंग
शादाब के घर के बाहर उनके परिजनों में आंसुओं की धार बह रही थी। लोगों ने बताया कि दोनों का रिश्ता पिछले डेढ़ साल से चल रहा था। लड़की स्कूल पैदल जाती थी और रास्ते में शादाब की दुकान पड़ती थी। शुरुआत में लड़की ने बातचीत से इनकार किया था, लेकिन धीरे-धीरे दोनों में दोस्ती हो गई जो प्रेम में बदल गई। शादाब अक्सर स्कूल से लौटते वक्त लड़की को उसके घर तक छोड़ने जाता था। करीब छह महीने पहले लड़की के परिवार ने दोनों को एक साथ देख लिया था। इसके बाद लड़की पर स्कूल और बाहर निकलने की पाबंदी लगा दी थी। इस घटना के बाद शादाब ने अपने सोशल मीडिया पर उदासी भरे स्टेटस डालने शुरू कर दिए थे। पुलिस अब उन पोस्टों की भी जांच कर रही है।
रात को फोन पर बात करते समय साथ मरने की खाई कसम
गुरुवार रात करीब 8:30 बजे दोनों फोन पर बातचीत कर रहे थे और 9 बजे दोनों ने जहर खा लिया। लड़की की मौत के बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। जबकि शादाब के मामले में अस्पताल ने थाने में सूचना भेजी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और पोस्टमॉर्टम कराया। हालांकि दोनों परिवारों ने किसी तरह की शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया है। पुलिस फिलहाल मामले की गहराई से जांच कर रही है और दोनों परिवारों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। सीओ सरधना संजय जायसवाल ने कहा कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- मेडिकल कॉलेज में मिली डॉक्टर की लाश, मौत की वजह जान हो जाएंगे हैरान!