Curated By:
shivnowup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 21 Jan 2026, 01:38 pm
उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में कल से अगले 5 दिनों तक बारिश का सिलसिला चल सकता है, साथ ही कई इलाकों में तेज आंधी भी चलने की संभावना है। इस दौरान तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और इसके बाद ठंड फिर से अपना असर दिखाएगी। बीते दो दिनों से लोगों को कोहरे और कड़ाके की ठंड से कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन यह राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। पहाड़ों पर अगले तीन दिनों तक बर्फबारी और बारिश के कारण मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे प्रदेश में सर्दी बढ़ेगी।
पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ेगी बारिश, तापमान में आएगी गिरावट
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के कारण सबसे पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की शुरुआत होगी, जो धीरे-धीरे पूर्वी यूपी तक फैल जाएगी। इस दौरान बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और हवा की दिशा में भी बदलाव देखने को मिलेगा। अभी तक चल रही पूर्वा हवाओं की वजह से लोगों को ठंड से राहत मिल रही थी, लेकिन अब पछुआ हवाएं नमी बढ़ाएंगी। इसी नमी के चलते बारिश की परिस्थितियां बनेंगी और तापमान 2 से 3 डिग्री तक लुढ़क सकता है। यह असर 5 से 6 दिनों तक बना रह सकता है।
कोहरा, फ्लाइट और ट्रेनों पर असर, कई जिलों में ठंड बरकरार
आज आगरा, मथुरा समेत प्रदेश के करीब 15 जिलों में सुबह के समय कोहरा छाया रहा। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली। उत्तर भारत में घने कोहरे का असर हवाई और रेल यातायात पर भी दिखा। लखनऊ आने-जाने वाली 8 फ्लाइट्स देरी से पहुंचीं, जबकि गोरखपुर, प्रयागराज समेत कई रेलवे स्टेशनों पर 20 से अधिक ट्रेनें लेट रहीं। पिछले 24 घंटों में मुजफ्फरनगर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद बरेली में 7.4, कानपुर और अयोध्या में 8-8 और मेरठ में 8.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
खेती पर असर और अगले तीन दिन का पूर्वानुमान
कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक, आने वाली बारिश गेहूं, मसूर और चना की फसल के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है, लेकिन सरसों और आलू की फसलों को नुकसान का खतरा है। किसानों को मौसम अपडेट पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर दवाओं का छिड़काव करने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 22 जनवरी को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। 23 जनवरी को हल्का कोहरा, बादल और आंधी चलने के आसार हैं, जबकि 24 जनवरी को एक बार फिर बारिश और ठंडी हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।
यह भी पढ़ें- मौसम को लेकर IMD का अलर्ट, अभी नहीं मिलेगी राहत, अभी जान लें पूरा अपडेट!