Curated By:
editor1 |
Hindi Now Uttar Pradesh • 27 Jul 2025, 02:30 pm
लखीमपुर खीरी जिले से एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। यहां ज्ञानपुर गांव के पास झोपड़ी में रह रहे मजदूर सुशील के छह वर्षीय बेटे बादल को तेंदुआ ने अपना निवाला बना लिया। बादल अपने पिता सुशील के साथ घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था। तभी आधी रात को तेंदुआ आया और बादल को उठाकर ले गया। बच्चे के चीखने की आवाज सुनकर सुशील जागा और दौड़ा, लेकिन अंधेरा होने के कारण वह बेटे को नहीं बचा सका।
इसके बाद रात में ही घटना की सूचना पुलिस और वन विभाग को दी गई। पुलिस, वनकर्मी और ग्रामीणों ने रातभर खेतों में बच्चे की तलाश की। सुबह वहां का मंजर देख सभी दंग रह गए। मौके पर बच्चे की कटी हुई एक टांग बरामद हुई तो कई ग्रामीण तो डर के मारे थर-थर कांपने लगे। पूरी टीम ने आगे खोजबीन शुरू की तो घर से लगभग 500 मीटर दूर गन्ने के खेत में बच्चे का अधखाया शव मिला। उसका पेट फटा हुआ था। उसकी तस्वीरें इतनी भयावह हैं कि हम उन्हें दिखा भी नहीं सकते। बता दें कि इस घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया है। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। सुशील के तीन बच्चों में बादल सबसे बड़ा था।
घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ इसे तेंदुए का हमला बता रहे हैं तो कुछ लोग बाघ का अंदेशा जता रहे हैं। हालांकि वन विभाग ने पुष्टि की है कि यह हमला लैपर्ड यानी तेंदुए का है। गोला रेंज के रेंजर संजीव तिवारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पिंजरा लगवाया है और लोकेशन ट्रेस करने के लिए वनकर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
वन विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में फिलहाल दस हजार रुपये की फौरी मदद दी गई है और आगे पांच लाख रुपये के मुआवजे की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। घटना को लेकर प्रशासन और वन विभाग अलर्ट हो गया है और तेंदुए को पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने और तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
यह भी पढ़ें- खौफनाक मंजर! यूपी में 11 साल की लड़की को खा गया तेंदुआ, हाथ-पैर, सिर और फिर..