Curated By:
editor1 |
Hindi Now Uttar Pradesh • 12 Jul 2025, 01:38 pm
ललितपुर जिले के तालबेहट क्षेत्र के कदीरपुर सरफयाना गांव में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के एक महीने बाद ही दुल्हन अपने पति को छोड़ जीजा के साथ फरार हो गई। वह अपने साथ गहने और रुपये भी लेकर गई है। घटना गुरुवार रात की है। रात करीब साढ़े बारह बजे 20 वर्षीय शबनम घर से चुपचाप निकली और जीजा की कार में बैठकर फरार हो गई। इस दौरान उसका पति बिलाल सो रहा था। रात करीब एक बजे उसकी नींद खुली पत्नी बिस्तर पर नहीं मिली। उसने पूरे घर में उसे ढूंढा, लेकिन जब कहीं पता नहीं चला तो बाहर निकलकर सीसीटीवी फुटेज चेक किया। इस दौरान फुटेज देखकर वह चौंक गया। उसने देखा कि उसकी पत्नी जीजा की कार में बैठकर फरार हो गई।
जिसने शादी कराई वही पत्नी को लेकर फरार
बिलाल का आरोप है कि उसकी पत्नी घर से करीब दो लाख रुपये नकद और शादी के सभी गहने भी साथ ले गई है। साथ ही कुछ अन्य जरूरी सामान भी गायब है। यह भी आरोप है कि जिसने यह शादी तय करवाई थी, वही उसे लेकर फरार हो गया है। यह व्यक्ति कोई और नहीं, बल्कि खुद शबनम का जीजा आशिक खान है। आशिक की शादी 12 साल पहले शबनम की बड़ी बहन सायना से हुई थी और उनके दो छोटे बच्चे भी हैं। एक बेटा 7 साल का और बेटी 3 साल की है। 6 महीने पहले आशिक ही उसकी सिलाई की दुकान पर आया था। आशिक ने ही शबनम से शादी की बात चलाई थी और उसका रिश्ता तय कराया था। उसे बताया गया कि शबनम पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी है। परिवार ने बड़ी धूमधाम से 11 जून को टीकमगढ़ जाकर शादी की। शादी में करीब साढ़े तीन लाख रुपये खर्च हुए। शादी के एक हफ्ते बाद शबनम मायके गई थी और 22 जून को वापस ससुराल लौटी थी।
पति के गिफ्ट किए फोन से करती थी जीजा से बात
बिलाल ने बताया कि उसने अपनी पत्नी को एक मोबाइल गिफ्ट किया था, जिससे वह कभी-कभार अपनी बहन और बहनोई से बात करती थी। उसे इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि शबनम इस तरह की हरकत कर सकती है। 10 जुलाई को जब उसने कमरे में पत्नी को नहीं पाया, तो पहले खुद ढूंढा और फिर सीसीटीवी से सच्चाई सामने आई। बिलाल ने बताया कि उसी शाम 5 बजे आशिक का फोन आया था, जिसमें उसने सामान्य बातचीत के बाद फोन काट दिया था।
आशिक ने अपनी पत्नी को भी दिया धोखा
घटना के बाद बिलाल ने शबनम की बहन सायना से संपर्क किया। उसने भी इस घटना पर हैरानी जताई और कहा कि दोनों ने उनके साथ विश्वासघात किया है। सायना ने साफ कहा कि वो चाहें तो दोनों को जेल भिजवा सकते हैं। शबनम के भाई ने भी खुद को इस पूरे मामले से अलग कर लिया है और कहा है कि अब उसका कोई रिश्ता नहीं रहा। बिलाल अब मांग कर रहा है कि शबनम और आशिक शादी में खर्च हुए रुपये और गहने वापस करें, लेकिन वह पत्नी को अब कभी स्वीकार नहीं करेगा। हालांकि उसने अभी तक इस मामले में पुलिस से शिकायत नहीं की है।
फतेहपुर में समधन के साथ भागी 50 साल की महिला
फतेहपुर जिले के असोथर थाना क्षेत्र के सातों धरमपुर गांव में 50 वर्षीय महिला अपने समधी के साथ फरार हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। परिजनों का आरोप है कि महिला जाते समय घर से तीन लाख रुपये नकद और करीब 15 लाख के जेवर भी ले गई है। सबसे हैरानी की बात यह है कि महिला दादी बन चुकी है और उसके तीनों बच्चे शादीशुदा हैं। इस मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। अधेड़ महिला इश्क के चक्कर में परिजनों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही है। इससे परिवार वाले बहुत परेशान हो गए हैं। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार महिला व समधी की तलाश कर रही है। गांव और आस-पास के इलाकों में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां लोग इस रिश्ते और घटना पर हैरानी जता रहे हैं।
यह भी पढ़ें- दुनिया वाले जीते जी हमें मिलने नहीं देंगे! फोन पर LIVE आकर दिल दहला देने वाली घटना