Curated By:
editor1 |
Hindi Now Uttar Pradesh • 27 May 2025, 11:30 am
गर्मियों के मौसम
में बाजार में आम की आवक शुरू हो गई है। यह रसीला फल हर किसी को पसंद होता है। यह
स्वाद में बेहतरीन और पोषण से भरपूर होता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ज्यादा
आम खाना भी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। लगातार कई दिन आम खाने से चेहरे पर
पिंपल्स यानी मुंहासे निकल सकते हैं। अब आपको बताते हैं कि ऐसा क्यों होता है।
श्री बालाजी एक्शन
मेडिकल इंस्टीट्यूट दिल्ली की चीफ डाइटीशियन प्रिया पॉलीवाल बताती हैं कि कोई
साइंटफिक प्रूफ नहीं, लेकिन कुछ वजह हैं, जिनके कारण ज्यादा आम खाने से मुहासे
निकल सकते हैं। उन्होंने बताया कि आम के छिलके और रस में 5-रेसोर्सिनॉल नाम का एक
केमिकल होता है। स्किन पर इसके लगने से मुंहासे जैसे दाने पड़ सकते हैं। आम का
जीआई लेवल ज्यादा होता है। इससे शुगर और इंसुलिन लेवल तेजी से बढ़ता है। साथ ही
सीबम का प्रोडक्शन बढ़ता है। इससे स्किन पोर्स ब्लॉक हो जाते हैं, जो मुंहासों का
कारण बनते हैं।
केमिकल (कैल्शियम
कार्बाइड) से पके आम खाने से एसिटलीन गैस बनती है। यह गैस मुंह में जलन और छाले का
कारण बन सकती है। आम का पीएच लेवल 4 यानी हल्का एसिडिक होता है। अगर किसी व्यक्ति
में विटामिन की कमी है तो आम खाने से मुंह में जलन या छाले पड़ सकते हैं। इस तरह ज्यादा आम खाना कुछ लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। आम खाना मना
नहीं है, हालांकि लगातार कई दिन तक और ज्यादा मात्रा में आम का सेवन नुकसानदायक हो
सकता है। इसलिए आम संतुलित तरीके से खाएं तो बेहतर होगा।
आम खाने से बचें ये
लोग-
डायटीशिन प्रिया पॉलीवाल के मुताबिक आम खाने से कुछ
लोगों को खासतौर पर बचना चाहिए। मोटापे से जूझ रहे लोगों, डायबिटीज के मरीजों,
स्किन एलर्जी वाले लोगों, पाचन समस्याओं से पीड़ित लोगों, किडनी के मरीजों और 4
साल से कम उम्र के बच्चों को आम नहीं खाना चाहिए। ऐसे लोगों के लिए आम खाना नुकसानदायक है।
आम खाने के तरीके-
आम को हमेशा खाने से
पहले कुछ सावधानियां बरतनी चाहिए। जैसे आम खाने से पहले दो-तीन घंटे पानी में
भिगोकर रखें। इससे फल में मौजूद फाइटिक एसिड व कीटनाशक हट जाते हैं और पाचन खराब
नहीं होता। आम फ्रीज से निकालकर तुरंत ठंडा आम खाने से पहरेज करना चाहिए। सामान्य
तापमान होने के बाद ही खाना चाहिए। आम खाली पेट खाने से एसिडिटी की शिकायत हो सकती
है। इसलिए कुछ खाने के बाद ही आम खाना चाहिए। इसके अलावा आम कभी भी खट्टे फलों के
साथ, मसालेदार खाने के साथ, दही और शराब के सेवन के साथ नहीं खाना चाहिए। ऐसा करने
से पाचन की समस्या, पेट में जलन और गैस की शिकायत, पेट और स्किन की एलर्जी हो सकती
है।